जयपुर। राजस्थान में 21 सितंबर को होने वाले नगरीय निकायों के अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और कानून-व्यवस्था के तहत संपन्न कराने के लिए प्रदेशभर में पुलिस अधिकारियों को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (कानून एवं व्यवस्था) वी.के. सिंह ने सभी जिला पुलिस अधीक्षकों, रेंज आईजी और पुलिस आयुक्तों को अपने-अपने क्षेत्रों में पुख्ता सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
निर्देशों के अनुसार जिला स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आवश्यकता के मुताबिक अतिरिक्त पुलिस बल, आरएसी और एसटीएफ की कंपनियां उपलब्ध कराई गई हैं। चुनाव प्रक्रिया के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस प्रशासन की ओर से चुनाव में शामिल सभी पक्षों और आमजन से शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।
वी.के. सिंह ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और इसके लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं।