भजनलाल सरकार का तीसरा बजट: विकसित राजस्थान का सशक्त रोडमैप

जयपुर, 12 फरवरी 2026। राजस्थान सरकार के तीसरे बजट को उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा और संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने विकसित राजस्थान का सशक्त रोडमैप बताया। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में डॉ. बैरवा ने कहा कि वर्ष 2026–27 का 6 लाख 10 हजार 956 करोड़ रुपये का बजट राज्य के सर्वांगीण विकास को समर्पित है, जो पिछले बजट से 41 प्रतिशत अधिक है।

उन्होंने बताया कि अवसंरचना विकास के लिए 53 हजार 978 करोड़ रुपये, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य के लिए 32 हजार 526 करोड़ रुपये तथा शिक्षा क्षेत्र में 69 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। 400 स्कूलों को ‘सीएम राइज विद्यालय’ में क्रमोन्नत किया जाएगा और राजस्थान स्टेट टेस्टिंग एजेंसी की स्थापना की जाएगी।

किसानों के लिए 35 लाख से अधिक किसानों को 25 हजार करोड़ रुपये ऋण वितरण, 800 करोड़ ब्याज अनुदान तथा यमुना जल परियोजना की शुरुआत की घोषणा की गई है। युवाओं के लिए 1.43 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।

जोगाराम पटेल ने कहा कि यह बजट लोकलुभावन वादों से परे ठोस विकास का दस्तावेज है और 2047 तक राजस्थान को 4.3 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। जयपुर सहित पूरे प्रदेश में सड़क, स्वास्थ्य, सुरक्षा और अरावली संरक्षण के लिए बड़े प्रावधान किए गए हैं।

Related Articles