महालक्ष्मी मंदिर में सजी जल विहार की भव्य झांकी

जयपुर। चांदी की टकसाल स्थित करीब 1100 वर्ष प्राचीन ऐतिहासिक महालक्ष्मी मंदिर में अधिक मास की कमला एकादशी के पावन अवसर पर बुधवार को विशेष धार्मिक आयोजनों की धूम रही। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। कमला एकादशी के विशेष मौके पर माता महालक्ष्मी का 121 पवित्र कमल पुष्पों से विधि-विधान पूर्वक विशेष पूजन व अर्चन किया गया। इसके साथ ही मंदिर ठाकुर जी के समक्ष जल विहार की अत्यंत आकर्षक और अलौकिक झांकी सजाई गई, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र रही।

इस पावन अवसर पर सुबह से ही माता के दर्शनों के लिए मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही शुरू हो गई जो देर शाम तक निरंतर चलती रही। पूरा मंदिर परिसर माता महालक्ष्मी के जयकारों और मंत्रोच्चार से गूंज उठा, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय और सकारात्मक हो गया। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर माता के इस विशेष स्वरूप के दर्शन किए और खुशहाली की कामना की।

Related Articles