नाहरगढ़ थाने में 10 हजार की रिश्वत लेते उप निरीक्षक गिरफ्तार

जयपुर, 24 सितंबर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की विशेष अनुसंधान इकाई ने गुरुवार को ट्रैप कार्रवाई करते हुए नाहरगढ़ थाने में तैनात उप निरीक्षक गिरधारी लाल मीणा को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

एसीबी के अनुसार, आरोपी उप निरीक्षक ने एक मुकदमे में परिवादी की गिरफ्तारी के दौरान जब्त किए गए मोबाइल फोन और पर्स वापस लौटाने की एवज में रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने शिकायत का सत्यापन कराया।

सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा पहले 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। बाद में बातचीत के बाद रिश्वत की रकम 10 हजार रुपये में तय हुई।

इसके बाद एसीबी की टीम ने ट्रैप कार्रवाई की और आरोपी उप निरीक्षक गिरधारी लाल मीणा को परिवादी से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई और अनुसंधान किया जाएगा। 

रिपोर्टर जावेद गौरी

Related Articles