सचिन पायलट का टोंक दौरा आज, कांग्रेस का जोरदार शक्ति प्रदर्शन

टोंक। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री सचिन पायलट आज टोंक के एक दिवसीय दौरे पर पहुंच रहे हैं। उनके आगमन को लेकर जिले भर में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। पायलट के स्वागत के लिए कांग्रेस संगठन ने व्यापक तैयारियां की हैं और कई स्थानों पर फूलमालाओं, गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया जाएगा।

अपने टोंक दौरे के दौरान सचिन पायलट शेहना-ए-गार्डन में आयोजित बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस कार्यक्रम को संगठनात्मक मजबूती और आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी की संभावना है।

टोंक जिला कांग्रेस अध्यक्ष जनाब सऊद सईदी के नेतृत्व में पायलट के स्वागत और कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सचिन पायलट का यह दौरा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा और पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूती देगा।

पायलट के दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम जनता में भी उत्साह देखने को मिल रहा है। सियासी जानकारों के मुताबिक, आज का दिन टोंक की राजनीति के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।

रिपोर्ट: रिफ़त अख्तर, टोंक

Related Articles