जयपुर। विश्वविद्यालय महारानी महाविद्यालय, जयपुर में आयोजित अंतर महाविद्यालय महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता 2026-27 का दो दिवसीय आयोजन 31 अक्टूबर को उत्साह और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों की सात टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में महारानी महाविद्यालय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि कनोडिया गर्ल्स कॉलेज की टीम उपविजेता रही।
प्रतियोगिता का उद्घाटन 30 अक्टूबर को फर्स्ट इंडिया न्यूज़ के निदेशक वीरेंद्र चौधरी के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. नूपुर माथुर उपस्थित रहीं। उद्घाटन समारोह में वीरेंद्र चौधरी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि राम कुमार उपस्थित रहे, जिन्हें ध्यानचंद पुरस्कार, महाराणा प्रताप पुरस्कार और रेल मंत्री पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। वे भारतीय रेलवे में वरिष्ठ खेल अधिकारी भी हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में विजेता महारानी महाविद्यालय और उपविजेता कनोडिया गर्ल्स कॉलेज की टीमों को सम्मानित किया गया। इस दौरान प्राचार्य प्रो. नूपुर माथुर और खेल समन्वयक डॉ. जितेंद्र सिंह के सहयोग एवं मार्गदर्शन की सराहना की गई।
प्रतियोगिता की आयोजन सचिव डॉ. चेतना चौधरी ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले प्रशिक्षकों, टीम मैनेजरों, तकनीकी अधिकारियों, निर्णायकों, आयोजन समिति के सदस्यों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
इस प्रतियोगिता ने महिला खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ अनुशासन, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और टीम भावना को मजबूत करने का अवसर प्रदान किया।