रात्रि में सैलाना थाने पहुंचे एसपी अमित कुमार, किया औपचारिक निरीक्षण

रतलाम।जिले के सैलाना थाना परिसर में उस समय हलचल मच गई जब बुधवार रात्रि को जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार अचानक निरीक्षण के लिए थाने पहुंचे। एसपी के अचानक आगमन से पुलिस स्टाफ सतर्क नजर आया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने थाना परिसर, कार्यालय अभिलेख, मालखाना, हवालात, सीसीटीवी व्यवस्था एवं साफ-सफाई की स्थिति का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। साथ ही आमजन की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील व्यवहार अपनाने पर विशेष जोर दिया।

एसपी अमित कुमार ने कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए रखने के लिए रात्रि गश्त बढ़ाने, असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाने की समग्र व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया, साथ ही कुछ आवश्यक सुधारों को लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर एसडीओपी नीलम बघेल, थाना प्रभारी पिंकी आकाश, धामनोद चौकी प्रभारी आनंद बागवान सहित थाना स्टाफ मौजूद रहा।

Related Articles